हर की पौड़ी पहुंचकर सूबा सिंह ढिल्लों ने किया गंगा स्नान, गुरुद्वारा ज्ञान गोदड़ी साहिब की वापसी के लिए की अरदास
समिति सचिव अनूप सिंह सिद्धू ने सरकार से जल्द समाधान कर गुरुद्वारा सिख समाज को वापस सौंपने की उठाई मांग
हरिद्वार। श्री गुरु नानक देव धर्म प्रचार समिति के अध्यक्ष सूबा सिंह ढिल्लों ने हरिद्वार स्थित हर की पौड़ी पहुंचकर मां गंगा में स्नान किया और पाठ कर सर्वजन के भले के लिए अरदास की। इस दौरान उन्होंने गुरुद्वारा ज्ञान गोदड़ी साहिब को सिख समाज को जल्द वापस दिलाने की कामना करते हुए गुरु साहिब के चरणों में विनती की।
सूबा सिंह ढिल्लों ने बताया कि गुरुद्वारा ज्ञान गोदड़ी साहिब के लिए हर की पौड़ी पहुंचने के प्रयासों के दौरान उन्हें हर बार रोक दिया जाता था, लेकिन इस बार वे हर की पौड़ी पहुंचने में सफल रहे। यहां पहुंचकर उन्होंने गंगा स्नान किया और पाठ-अरदास कर सभी की सुख-शांति एवं भलाई की कामना की।
समिति के सचिव अनूप सिंह सिद्धू ने कहा कि गुरुद्वारा ज्ञान गोदड़ी साहिब सिख धर्म की आस्था का प्रतीक है। सिख समाज हमेशा सभी को साथ लेकर चलता है और हर वर्ग के लोगों का सहयोग करता है। उन्होंने सरकार से अपील करते हुए कहा कि गुरुद्वारा ज्ञान गोदड़ी साहिब के मामले का जल्द से जल्द समाधान किया जाए और गुरुद्वारा सिख धर्म को वापस सौंपा जाए, ताकि सिख संगत वहां नियमित रूप से पाठ और अरदास कर सके।
उन्होंने कहा कि सिख समाज लंबे समय से गुरुद्वारा ज्ञान गोदड़ी साहिब की वापसी की मांग कर रहा है। समाज की इच्छा है कि इस ऐतिहासिक गुरुद्वारे में फिर से संगत को पाठ और अरदास करने का अवसर मिले।
अरदास के उपरांत हर की पौड़ी पर उपस्थित श्रद्धालुओं एवं आमजन को प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर गुरप्रीत सिंह, आकाश सचदेवा, अनूप सिंह सिद्धू, सरबजीत सिंह, जगपाल सिंह, हरपाल सिंह और जसमीत सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें